रायपुर 25 जून 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) पी. सुंदरराज को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए राज्य सरकार ने कार्यमुक्त कर दिया है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वर्ष 2003 बैच के अधिकारी पी. सुंदरराज अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर अपनी सेवाएं देंगे। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत पी. सुंदरराज की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की है।
इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से बस्तर रेंज, जगदलपुर के पुलिस महानिरीक्षक पद से कार्यमुक्त कर दिया है। आपको बता दे पी. सुंदरराज लंबे समय से बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों का नेतृत्व कर रहे थे। उनके कार्यकाल में सुरक्षा बलों को कई महत्वपूर्ण सफलताएं मिलीं और नक्सल संगठन को लगातार कमजोर करने में बड़ी उपलब्धियां हासिल हुईं। बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और विकास कार्यों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में भी उनकी भूमिका अहम मानी जाती है।
अब वे देश की प्रमुख जांच एजेंसी NIA में IG के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। माना जा रहा है कि नक्सल और आंतरिक सुरक्षा मामलों में उनके अनुभव का लाभ राष्ट्रीय स्तर पर जांच एजेंसी को मिलेगा। सुंदरराज के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्री नारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया है। अब बस्तर में सुरक्षा और नक्सल विरोधी अभियानों की कमान उनके हाथों में होगी।


