बिलासपुर 25 जून 2026। बिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसे जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रेलहा की है। गंभीर रूप से झुलसी महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है, जबकि आरोपी पति वारदात के बाद से फरार है।
जानकारी के मुताबिक पत्नी को जिंदा जलाने की कोेशिश की ये घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि 45 वर्षीय महिला मंगलवार रात अपने पति और चार बच्चों के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान देर रात करीब ढाई बजे आरोपी पति उठा और पहले बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद उसने सो रही पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। घायल महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी को करीब 30 साल हो चुके हैं। उसकी तीन बेटियों और एक बेटा है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति वर्षों से उसके चरित्र पर संदेह करता था।
इसी बात को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। मंगलवार की रात भी उसी शक ने खौफनाक रूप ले लिया और पति ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। बुधवार देर शाम उसके बलौदाबाजार में होने की सूचना मिली थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया।

