रायपुर/जशपुर 20 जून 2026। शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक और सामुदायिक सहभागिता का अनूठा संगम अब जशपुर जिले के हजारों बच्चों की पढ़ाई को नई दिशा देने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को अपने बगिया स्थित निवास से जिले की अभिनव शैक्षणिक पहल ‘जश लर्न’ का जिला स्तरीय शुभारंभ किया। फरसाबहार विकासखंड में सफल रहे इस पायलट प्रोजेक्ट को अब पूरे जशपुर जिले में लागू किया जाएगा। इस पहल के जरिए बच्चों को मोबाइल फोन के माध्यम से गणित की बुनियादी शिक्षा दी जाएगी, जिससे उनकी सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। आधुनिक तकनीक, शिक्षक और अभिभावकों की सहभागिता के माध्यम से बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का यह प्रयास बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक, पालक और विद्यार्थी एक साथ मिलकर कार्य करते हैं, तब शिक्षा के परिणाम अधिक प्रभावी और स्थायी होते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘जश लर्न’ बच्चों की गणितीय समझ को मजबूत करने और उनमें आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘जश लर्न’ से लाभान्वित विद्यार्थियों नव्यता यादव, वंदना यादव, आयुषी तिर्की और कुसुम डडसेना से संवाद किया।
बच्चों ने बताया कि अब उन्हें पहाड़े याद हो गए हैं और जोड़, घटाव, गुणा तथा भाग जैसे सवाल आसानी से हल कर लेते हैं।कक्षा पांचवीं की छात्रा नव्यता यादव ने बताया कि अब वह 20 तक के पहाड़े याद कर चुकी है, जबकि वंदना यादव ने कहा कि फोन आधारित पढ़ाई से गणित के प्रति उसका डर खत्म हो गया है और पढ़ाई में रुचि बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से जुड़े डाइट जशपुर के प्रथम वर्ष के प्रशिक्षु छात्र-शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा में नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है, जहां भावी शिक्षक सीधे बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं।
फरसाबहार में मिले शानदार परिणाम
जिला प्रशासन जशपुर और यूथ इम्पैक्ट संस्था के सहयोग से फरसाबहार विकासखंड में ‘जश लर्न’ को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था। इसके तहत कक्षा तीसरी और चौथी के विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के जरिए नियमित शैक्षणिक सहायता दी गई। डाइट जशपुर के 90 प्रशिक्षु छात्र-शिक्षकों ने 260 विद्यार्थियों को गणित की मूलभूत अवधारणाओं का प्रशिक्षण दिया। परिणामस्वरूप लगभग 75 प्रतिशत बच्चों ने जोड़, घटाव, गुणा और भाग जैसी गणितीय संक्रियाओं में दक्षता हासिल की।
अब पूरे जिले में होगा विस्तार
पायलट प्रोजेक्ट की सफलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने ‘जश लर्न’ को जशपुर जिले के सभी विकासखंडों में लागू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सभी सीएसी को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। “साथ मिलकर सीखें, आगे बढ़ें” की अवधारणा पर आधारित यह पहल जशपुर में शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभर रही है। इसके विस्तार से जिले के हजारों बच्चों को लाभ मिलेगा और उनकी बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, डाइट जशपुर के प्रशिक्षु विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

