बलरामपुर 19 जून 2026। छत्तीसगढ़ सरकार के सीनियर मंत्री रामविचार नेताम को सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस धमकी की जानकारी के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। घटना के बाद मंत्री समर्थकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और मामले की शिकायत रामानुजगंज थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शमशेर नामक एक युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो ‘रील‘ पोस्ट कर मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। वायरल वीडियो में युवक कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए मंत्री को चुनौती देता नजर आ रहा है। वीडियो में उसने कहा कि वह मंत्री को नहीं छोड़ेगा और जहां भी मुलाकात होगी, जवाब देने के लिए तैयार रहेगा। साथ ही मंत्री को चैन से नहीं रहने देने जैसी बातें भी कही गई हैं।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से जुड़ रहा मामला
इस पूरे घटनाक्रम की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान से नाराज था। माना जा रहा है कि इसी कार्रवाई के विरोध में उसने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो की सत्यता तथा इसके पीछे की परिस्थितियों का परीक्षण किया जा रहा है।
मंत्री के समर्थकों ने जतायी गहरी नाराजगी
मंत्री रामविचार नेताम के समर्थकों ने इस घटना को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। समर्थकों का कहना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि के खिलाफ धमकी भरी भाषा और अभद्र टिप्पणी न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि यह सामाजिक माहौल को भी प्रभावित कर सकती है। उन्होंने दोषी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
धमकी का वीडियों वायरल होने के बाद गरमायी राजनीति
घटना के सामने आने के बाद बलरामपुर सहित पूरे सरगुजा संभाग के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के दौर में जनप्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां कानून-व्यवस्था और राजनीतिक संवाद दोनों के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।
अब सबकी नजर पुलिस जांच और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। रामानुजगंज पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। वीडियो के स्रोत, उसकी प्रामाणिकता और संबंधित युवक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

