नई दिल्ली 22 अक्टूबर 2026। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों के डेटा लीक होने की खबर से बैंकिंग क्षेत्र में हलचल मच गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक के 3,897 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक हुआ है। लीक हुई जानकारी में ग्राहकों के नाम, फोन नंबर और पते जैसी व्यक्तिगत जानकारियां शामिल होने की बात कही जा रही है। इस खबर के सामने आने के बाद ग्राहकों के मन में अपने बैंक खाते और जमा रकम की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस बीच SBI ने सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों के लिए अहम सूचना जारी की है।
https://t.co/J7aDscxFHZ
— State Bank of India (@TheOfficialSBI) October 21, 2026
SBI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट साझा कर डेटा लीक से जुड़ी साइबर सुरक्षा घटना की जानकारी दी है। बैंक के मुताबिक, इस घटना का असर बहुत कम संख्या में ग्राहकों पर पड़ा है। बैंक ने यह भी कहा है कि इस घटना से उसके आईटी सिस्टम, बैंकिंग परिचालन, वित्तीय प्रदर्शन या सामान्य कामकाज पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। SBI ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उनकी जमा रकम सुरक्षित है और बैंक उनके हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।
क्या SBI में जमा पैसा सुरक्षित है ?
डेटा लीक की खबर के बाद ग्राहकों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बैंक में जमा उनकी रकम सुरक्षित है? SBI ने अपनी सूचना में स्पष्ट किया है कि ग्राहकों का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है। बैंक के अनुसार, ग्राहकों की वित्तीय संपत्ति, उनका डेटा और बैंक पर उनका भरोसा सुरक्षित रखना उसकी प्राथमिकता है। बैंक ने कहा है कि ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि, डेटा लीक होने और बैंक खाते से पैसे चोरी होने की घटनाएं अलग-अलग हैं। व्यक्तिगत जानकारी लीक होने का मतलब यह नहीं है कि खाते में जमा रकम भी चोरी हो गई है। फिर भी, ऐसी जानकारी का इस्तेमाल करके साइबर ठग ग्राहकों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
डार्क वेब पर क्या जानकारी लीक होने की खबर है ?
सामने आई जानकारी के मुताबिक, SBI के 3,897 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक होने की खबर है। इसमें ग्राहकों के नाम, मोबाइल-पेन नंबर, और पते जैसी व्यक्तिगत जानकारियां शामिल होने की बात कही गई है। ऐसी जानकारी के जरिए साइबर अपराधी बैंक अधिकारी बनकर ग्राहकों को फोन कर सकते हैं या फर्जी मैसेज भेजकर उन्हें अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि लीक हुए डेटा में बैंक खातों से जुड़ी अन्य संवेदनशील जानकारियां भी शामिल हैं या नहीं।
SBI ग्राहकों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए ?
डेटा लीक की खबरों के बीच ग्राहकों को अपनी बैंकिंग जानकारी की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए। इसके लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें:
- किसी भी व्यक्ति के साथ अपना OTP, ATM PIN या इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड साझा न करें।
- बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले अनजान लोगों को अपनी गोपनीय जानकारी न दें।
- किसी अनजान लिंक पर क्लिक करके बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से बचें।
- खाते में होने वाले लेनदेन पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत बैंक को सूचना दें।
- यदि खाते से अनधिकृत लेनदेन होता है, तो तुरंत बैंक और संबंधित साइबर अपराध शिकायत व्यवस्था से संपर्क करें।
बैंक ने ग्राहकों को दिया भरोसा
SBI ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उनकी जमा रकम सुरक्षित है और बैंक इस साइबर सुरक्षा घटना से निपटने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है। फिलहाल, ग्राहकों के लिए सबसे जरूरी है कि वे घबराने के बजाय सतर्क रहें। डेटा लीक की खबर सामने आने का अर्थ यह नहीं है कि सभी ग्राहकों के खाते खतरे में हैं। हालांकि, व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या बैंकिंग गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।


