रायपुर 10 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और स्पा सेंटरों की गतिविधियों की निगरानी के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष आकस्मिक जांच अभियान चलाया। इस दौरान पश्चिम क्षेत्र में संचालित 10 स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया गया। पुलिस ने कर्मचारियों के पहचान पत्र, आगंतुकों के रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति और अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की। पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि स्पा सेंटर शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं और वहां किसी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि नहीं चल रही है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन किया गया। अभियान में पश्चिम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्तों के अलावा सरस्वती नगर, आजाद चौक और डी.डी. नगर थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने संबंधित थाना क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों पर अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया और संचालन व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस ने कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों का रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, सुरक्षा इंतजाम और अन्य वैधानिक अभिलेखों की जांच की। साथ ही यह भी देखा गया कि स्पा सेंटरों का संचालन शासन द्वारा तय नियमों और शर्तों के अनुरूप हो रहा है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पा सेंटर संचालकों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, सभी दस्तावेज अद्यतन रखने और आगंतुकों का रिकॉर्ड नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों को हर समय चालू रखने और सभी वैधानिक नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के आकस्मिक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

