श्योपुर 19 जुलाई 2026। मध्य प्रदेश के चर्चित कूनो नेशनल पार्क में अफ्रीकी चीतों के भोजन को लेकर कथित भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। कांग्रेस नेता चीनी कुरैशी ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि चीतों को खिलाए जाने वाले बकरों के वजन में फर्जीवाड़ा कर करोड़ों रुपये का घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले की जांच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव से कराने की मांग की है।
कांग्रेस नेता चीनी कुरैशी का आरोप है कि कूनो नेशनल पार्क में चीतों के भोजन के लिए सप्लाई किए जाने वाले 25 से 30 किलो वजन के बकरों को दस्तावेजों में 80 से 90 किलो का दर्शाकर फर्जी बिल और वाउचर तैयार किए जा रहे हैं। उनका दावा है कि इसी तरीके से लंबे समय से सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है और करोड़ों रुपये का कथित हेरफेर किया गया है। चीनी कुरैशी ने आरोप लगाया कि श्योपुर क्षेत्र में सामान्य तौर पर 70 से 90 किलो वजन वाले बकरे उपलब्ध ही नहीं होते।
उन्होंने कहा कि इतने भारी बकरे आमतौर पर केवल ईद के अवसर पर कुर्बानी के लिए विशेष रूप से तैयार किए जाते हैं। कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि यदि रिकॉर्ड में लगातार इतने अधिक वजन वाले बकरों की सप्लाई दिखाई जा रही है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। शिकायत में कांग्रेस नेता ने कूनो नेशनल पार्क की भोजन व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और ठेकेदार के बीच कथित मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वजन बढ़ाकर भुगतान लेने की प्रक्रिया से सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया है।
पहले भी उठाए थे सप्लाई पर सवाल
यह पहला मौका नहीं है जब कूनो की भोजन व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। इससे पहले भी चीनी कुरैशी ने बिना टेंडर प्रक्रिया के बकरों के मांस की खरीद को लेकर आपत्ति जताई थी। उनके अनुसार, शिकायत के बाद अधिकारियों ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी। अब उन्होंने एक बार फिर कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए EOW में शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तथा मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेजी है।
जांच की मांग, आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
कांग्रेस नेता ने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल EOW की ओर से शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाएगी, इस पर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन की ओर से भी इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

