धमतरी 30 जून 2026। धमतरी जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने जिले की कानून-व्यवस्था और बढ़ते नशे के प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कुछ युवक एक अन्य युवक को चप्पलों से पीटते और अपमानित करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित युवक बार-बार छोड़ देने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है, लेकिन युवक के साथ मारपीट कर आरोपी अपना दहशत बताने वीडियों वायरल कर दिया गया। घटना की जानकारी के ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवक धमतरी जिले के खरतुली गांव का रहने वाला है। वहीं वीडियो में दिखाई देने वाले मुख्य आरोपी की पहचान लोहरसी निवासी खिलावन साहू के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में हमलावर युवक पीड़ित से जबरन ‘बाप बोल‘ कहलवाते हैं और चप्पल पर थूककर उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहेे हैं। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। जिससे यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर अपराधियों में कानून का डर क्यों नहीं रह गया है ?
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू के मुताबिक ग्राम खरतुली से डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां ग्रामीणों ने आरोपी युवक को बांधकर रखा हुआ था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया। और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी युवक कथित बदमाश समूह से जुड़ा हुआ है और उसने गांव के युवकों को प्रताड़ित कर उनका वीडियो बनाया था।
बताया जा रहा है कि इस घटना का वीडियों सामने आने के बाद ग्रामीणों में काफी गुस्सा था, लिहाजा आरोपी के गांव पहुंचते ही उसे पकड़कर पहले जमकर कुटाई की गयी। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। धमतरी जिले का यह वायरल वीडियो एक बार फिर पुलिस के लिए बड़ी चेतावनी है। यदि नशे के नेटवर्क और उससे जुड़े अपराधों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज में कानून का डर और कमजोर पड़ सकता है। सवाल सिर्फ एक वीडियो का नहीं, बल्कि उस मानसिकता का है, जो कैमरे के सामने अपराध करने से भी खौफ नही खा रहा।

