कोरबा/जांजगीर-चांपा 25 नवंबर 2026। दूसरे प्रेमी के साथ देखने के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति पर महिला की हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद उसने महिला का शव गांव के पास झाड़ियों में छिपा दिया और दो दिनों तक घटना की जानकारी छिपाए रखी। गांव में महिला की तलाश और पूछताछ के बीच संदेह बढ़ने पर आरोपी ने अपने बेटे के सामने हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद उसने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे कोरबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूछताछ में उसने हत्या और शव छिपाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर बुधवार को महिला का शव बरामद किया गया।
घटना जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पंतोरा चौकी की है। मृतका की पहचान अंगारखार गांव निवासी धनेश्वरी बाई (45) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी शिवचरण यादव (51) इसी गांव का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, धनेश्वरी बाई के पति की शादी के कुछ समय बाद ही मृत्यु हो गई थी। वह अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। शिवचरण यादव भी शादीशुदा है। दोनों के बीच प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। बताया गया कि रविवार को शिवचरण ने धनेश्वरी को किसी दूसरे प्रेमी के साथ देख लिया। इस बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ। महिला का दूसरा प्रेमी वहां से चला गया। इसके बाद शिवचरण ने कथित तौर पर धनेश्वरी की हत्या कर दी और शव को गांव के पास नल के समीप झाड़ियों में छिपाकर घर लौट गया।
दो दिनों तक धनेश्वरी के दिखाई नहीं देने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो गांव में बैठक बुलाई गई। इस दौरान ग्रामीणों ने शिवचरण पर संदेह जताते हुए उससे महिला के बारे में पूछताछ की। हालांकि, उसने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया। बैठक से लौटने के बाद शिवचरण ने अपने 26 वर्षीय बेटे दुर्गेश यादव को बताया कि उससे गलत काम हो गया है और उसने धनेश्वरी की हत्या कर दी है। हत्या की बात बताने के बाद शिवचरण शौच जाने का बहाना बनाकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश की तो वह खेत में बेहोशी की हालत में मिला। उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था।
परिजन उसे गंभीर हालत में कोरबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत बिगड़ने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से जहर सेवन की सूचना पंतोरा चौकी को दी गई। इसके बाद दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी आईसीयू में लगाई गई। अस्पताल में पूछताछ के दौरान शिवचरण ने महिला की हत्या करने और शव छिपाने की बात स्वीकार की। उसने पुलिस को शव छिपाने की जगह भी बताई। बुधवार सुबह पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर गांव के पास पहुंची और झाड़ियों से धनेश्वरी का शव बरामद कर लिया।
हत्या के बाद जहर सेवन की बात आई सामने
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से एक व्यक्ति के जहर सेवन की सूचना मिली थी। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने बताया कि शिवचरण ने हत्या की थी और इसी डर में उसने जहर खाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल महिला का शव बरामद कर लिया गया है और आरोपी का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



