कोरबा 27 जून 2026। कोरबा जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। आए दिन हो रही दुर्घटनाएं न सिर्फ लोगों की जान ले रही हैं, बल्कि हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। ताजा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के भालूमोड़ का है, जहां आज सुबह दो ट्रेलरों की आमने-सामने से हुए भीषण टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक ये भीषण हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र में घटित हुआ। पुलिस के अनुसार हादसा सुबह उस समय हुआ, जब दोनों ट्रेलर तेज रफ्तार से विपरीत दिशा से आ रहे थे। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण एक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे दोनों ट्रेलरों की आमने-सामने स भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक ट्रेलर का चालक केबिन में ही फंस गया।
सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कटर मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस मृतक की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है। परिजनों और वाहन मालिक को हादसे की सूचना दे दी गई है। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वाहन के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है। आरोपी चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और हिट एंड रन सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
लगातार हादसे, लेकिन नहीं बदल रही तस्वीर
कोरबा जिले में पिछले लंबे समय से सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। खासकर कटघोरा, दीपका, उरगा और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े इलाकों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर जानलेवा साबित हो रही है। बावजूद इसके सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर दिन-रात दौड़ रहे भारी वाहन कई बार निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं करते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। पुलिस समय-समय पर कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाती है, लेकिन हादसों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा।

