कोंडागांव 12 जुलाई 2026। कोंडागांव जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार के चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की एक तेज रफ्तार यात्री बस ने घोड़ा गांव के पास एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जंगल में जा घुसी।
पुलिस के मुताबिक कार में सवार तीन लोग कोंडागांव से गीदम की ओर जा रहे थे। तभी सामने की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने कार को चपेट में लेकर जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यात्री बस तेज रफ्तार में थी।
जोरदार टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर यात्री बसों की तेज और लापरवाहीपूर्ण रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन से बसों की नियमित जांच, गति नियंत्रण और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

