कोरबा 10 अक्टूबर 2026। पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने से किसानों के लिए आमदनी बढ़ाने के नए अवसर खुल रहे हैं। कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुमगरी के किसान सुमरन सिंह कंवर इसकी मिसाल बनकर उभरे हैं। कभी केवल धान की मौसमी फसल लेने वाले सुमरन सिंह अब धान के साथ सब्जियों की खेती कर रहे हैं। उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से मिली सहायता ने उनकी खेती को नया विस्तार दिया है और उनकी वार्षिक आय बढ़कर लगभग 2.20 लाख रुपये हो गई है।
कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुमगरी सुमरन सिंह पहले पारंपरिक तरीके से खेती करते थे। सिंचाई सुविधाओं, तकनीकी जानकारी और आधुनिक संसाधनों की कमी के कारण उत्पादन सीमित रहता था। ऐसे में परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए आमदनी बढ़ाना उनके लिए चुनौती थी। खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से उन्होंने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ लिया। वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय बागवानी मिशन एवं राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उन्हें पोल फेंसिंग, पावर स्प्रेयर और ग्राफ्टेड बैंगन के पौधों के लिए 24 हजार रुपये का अनुदान मिला। इस सहायता से उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने और खेती का विस्तार करने में मदद मिली।
धान के साथ सब्जियों की खेती, साल में ले रहे तीन फसलें
आधुनिक तकनीकों और फसल विविधीकरण को अपनाने के बाद सुमरन सिंह अब धान के साथ मौसमी सब्जियों का भी उत्पादन कर रहे हैं। पहले जहां वे केवल एक मौसमी धान की फसल लेते थे, वहीं अब साल में तीन फसलें ले पा रहे हैं। इससे उत्पादन और फसलों की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। उनकी वार्षिक आय भी बढ़कर लगभग 2.20 लाख रुपये तक पहुंच गई है। खेती से होने वाली बेहतर आमदनी का असर अब सुमरन सिंह के परिवार की आर्थिक स्थिति पर भी दिखाई देने लगा है। वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं और अपने पक्के मकान का निर्माण भी कर रहे हैं। इसके अलावा, कृषि कार्यों के माध्यम से अन्य लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
वे गांव के दूसरे किसानों को भी आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सुमरन सिंह कंवर ने बताया कि पहले सिंचाई और आधुनिक साधनों की कमी के कारण उनकी आमदनी सीमित थी। उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से सहायता मिलने के बाद उन्होंने खेती के नए तरीके अपनाए और सब्जी उत्पादन शुरू किया। अब तीन फसलें लेने से उनकी आय बढ़ी है और वे परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की किसान हितैषी पहलों के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि शासकीय सहायता से खेती को आगे बढ़ाने और परिवार के सपनों को पूरा करने का भरोसा मजबूत हुआ है।


