महासमुंद 10 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला अछोला स्कूल का है, जहां प्रभारी प्राचार्य पर आरोप लगने के बाद परिजनों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तुमगांव पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार स्कूल में छुट्टी होने के बाद प्रभारी प्राचार्य जीवनलाल देवांगन ने कथित तौर पर छात्रा को एक कक्ष में बुलाकर उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की। इस घटना से दहशत में आई छात्रा किसी तरह मौके से भागकर रोते हुए अपने घर पहुंची। स्कूल के प्रभारी प्राचार्य की हरकत से दहशत में आई छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दीं।
इसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए और आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों की ओर से मामले को दबाने की कोशिश किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इसके अलावा आरोपी प्रभारी प्राचार्य के नशे में होने की बात भी कही गई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना और उससे जुड़े अन्य आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


