बिलासपुर 20 जून 2026। न्यायधानी बिलासपुर में अवैध निर्माण और नियमों की अनदेखी के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को महापौर पूजा विधानी ने जोन क्रमांक-8 अंतर्गत कोनी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी का निरीक्षण किया और शिकायत मिलने पर एक निर्माणाधीन भवन के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई करते हुए काम रूकवाया गया। इसके साथ ही महापौर ने उक्त भवन का जारी नक्शा तत्काल निरस्त करने का आदेश अधिकारियों को दिया गया।
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला कोनी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी कॉलोनी क्षेत्र का है। यहां की एक गली में नियमों के विपरीत और कथित रूप से अवैध तरीके से मकान निर्माण किए जाने की शिकायत महापौर तक पहुंची थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए महापौर खुद मौके पर हकीकत जानने पहुंचीं और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जोन इंजीनियर को तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित भवन का स्वीकृत नक्शा निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश भी जारी किए।
महापौर ने संबंधित भवन निर्माता को अपने मकान निर्माण से जुड़े सभी दस्तावेजों के साथ विकास भवन स्थित नगर निगम कार्यालय में भवन शाखा के इंजीनियर के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। उन्होने बताया कि सारे दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। महापौैर के इस निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य श्याम साहू, जोन अध्यक्ष राजेश दुसेजा, पार्षद प्रतिनिधि अमित मिश्रा सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी भी मौके पर पहुंचे और अपनी समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। रहवासियों का आरोप था कि गलत तरीके से किए जा रहे निर्माण के कारण कॉलोनी में आवागमन और अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही थीं।
नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं- महापौर
महापौर पूजा विधानी ने स्पष्ट कहा कि शहर में विकास कार्यों की आड़ में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नक्शे के विपरीत या बिना अनुमति के किए जाने वाले निर्माण कार्यों पर नगर निगम लगातार नजर रखे हुए है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इंजीनियरों को नियमित निगरानी के निर्देश
महापौर ने जोन के इंजीनियरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें। यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन होता दिखाई दे तो शिकायत की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल निर्माण कार्य रुकवाकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें और इसकी रिपोर्ट निगम प्रशासन को सौंपें।महापौर की इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

