दंतेवाड़ा 29 नवंबर 2026। NMDC की L1-L2 भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर स्थानीय युवाओं का अनिश्चितकालीन आंदोलन दूसरे दिन भी जारी है। 28 नवंबर से शुरू हुए इस आंदोलन में पहले दिन करीब 400 से 500 युवा किरंदुल कॉम्प्लेक्स के सामने जुटे और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। युवाओं ने साफ कर दिया है कि जब तक भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन स्थल पर तंबू लगा लिया है। शुरुआत में युवाओं ने सड़क जाम करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस की समझाइश पर प्रदर्शनकारियों ने पूरे चौक को घेरने के बजाय एक हिस्से में तंबू लगाया। ठिठुरती ठंड के बीच युवा रातभर धरना स्थल पर बैठे रहे।
आंदोलन को देखते हुए NMDC प्रबंधन ने किरंदुल और बचेली, दोनों कॉम्प्लेक्स में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परिसर में आने-जाने वाले रास्तों पर तीन से चार लेयर की बैरिकेडिंग की गई है। प्लांट और कॉलोनी की ओर जाने वाले कई गेट बंद कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि उत्पादन गतिविधियां प्रभावित न हों, इसके लिए यह व्यवस्था की गई है। मौके पर SDOP, चार थाना प्रभारी (TI), आठ सब-इंस्पेक्टर (SI) और करीब 400 जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच आंदोलनकारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।कर्मचारियों के परिजनों ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि प्रबंधन ने कुछ कर्मचारियों को पहले ही परिसर के अंदर बुला लिया है। उनके लिए गद्दे और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है।
परिजनों का दावा है कि आंदोलन जारी रहने तक कर्मचारियों को परिसर के अंदर ही रखने की तैयारी है। हालांकि, कर्मचारियों को परिसर के भीतर रखने और इस व्यवस्था की अवधि को लेकर NMDC प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आंदोलन के पहले दिन यानी 28 नवंबर को दोपहर से ही युवाओं और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनने लगी थी। शाम को प्रदर्शनकारी किरंदुल स्थित NMDC के चेकपोस्ट वाले गेट के सामने सड़क को पूरी तरह घेरकर तंबू लगाना चाहते थे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की और रास्ता पूरी तरह बंद नहीं करने की अपील की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई।
बाद में समझाइश के बाद युवा पूरे चौक को घेरने के बजाय उसके एक हिस्से में तंबू लगाने पर सहमत हुए। प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना है कि वे दिन-रात आंदोलन स्थल पर ही रहेंगे। वहीं खाना बनाने और रहने की व्यवस्था भी धरना स्थल पर ही करने की बात कही गई है। उनकी मुख्य मांग NMDC की L1-L2 भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित करना है। अब देखना होगा कि युवाओं के अनिश्चितकालीन आंदोलन और बढ़ती सुरक्षा व्यवस्था के बीच NMDC प्रबंधन इस मांग पर क्या रुख अपनाता है। फिलहाल किरंदुल में आंदोलन जारी है और प्रदर्शनकारी परीक्षा की तारीख घोषित होने तक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।



