रायपुर 29 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में वनरक्षक (फॉरेस्ट गार्ड) भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। 13 दिसंबर को प्रस्तावित वनरक्षक भर्ती के दूसरे चरण की लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। हालांकि, परीक्षा स्थगित करने की वजह स्पष्ट नहीं की गई है और न ही नई परीक्षा तारीख घोषित की गई है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख की ओर से भेजे गए पत्र के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया है। इसके चलते अब अभ्यर्थियों को नई तारीख के लिए मंडल की अगली आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।
आपको बता दे पहले जारी परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक, अभ्यर्थियों को 7 दिसंबर से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा मिलनी थी। लेकिन परीक्षा स्थगित होने के बाद अब प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। मंडल की ओर से संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद ही प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की नई तारीख और परीक्षा की आगे की प्रक्रिया की जानकारी मिल सकेगी।छत्तीसगढ़ में भर्ती परीक्षाओं के स्थगित होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले सूबेदार, सब इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर की 2 से 4 नवंबर को प्रस्तावित मुख्य परीक्षा भी स्थगित की गई थी।
वहीं, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग यानी CGPSC में अध्यक्ष पद खाली होने के कारण परीक्षाओं और साक्षात्कार की प्रक्रिया में देरी हुई है। सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षाएं भी स्थगित की गई थीं, जिनकी नई तारीखें 6 और 20 दिसंबर तय की गई हैं। वनरक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों के सामने अब परीक्षा की नई तारीख और प्रवेश पत्र को लेकर अनिश्चितता है। फिलहाल कर्मचारी चयन मंडल ने संशोधित कार्यक्रम जारी नहीं किया है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे परीक्षा की नई तारीख, प्रवेश पत्र और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखें।




