रायपुर 29 जून 2026। राजधानी रायपुर में एक 22 वर्षीय युवती के कथित अपहरण और बंधक बनाए जाने की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि युवती को दिनदहाड़े रास्ते से चाकू की नोक पर अगवा कर आरोपी अपने घर ले गया, जहां उसके हाथ-पैर बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंसकर खाट के नीचे छिपाकर रखा गया था। परिजनों ने युवती को आरोपी के घर से बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये घटना आरंग थाना क्षेेत्र का है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती शनिवार को अपनी नानी के घर से वापस लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान मंदिर हसौद थाना क्षेत्र निवासी हनी उर्फ दीपक ने उसका रास्ता रोक लिया और चाकू दिखाकर उसे जबरन अपने साथ ले गया। शिकायत के मुताबिक आरोपी युवती को अपने घर ले गया और वहां कथित तौर पर उसे बंधक बनाकर रखा।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि जब उनकी बेटी काफी देर तक घर नहीं पहुंची, तब उन्होने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ खोजबीन के दौरान उन्हें आरोपी पर शक हुआ। इसके बाद वे उसके घर पहुंचे। परिजनों का दावा है कि तलाशी के दौरान युवती घर के अंदर खाट के नीचे मिली। उसके हाथ बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। इसके बाद उसे मुक्त कराया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी तथा महिला से जुड़े अन्य गंभीर प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पीड़िता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े वारदात से महिला सुरक्षा पर सवाल
राजधानी में दिनदहाड़े सामने आई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सवाल भी उठता है चाकू की नोक पर एक युवती को अगवा लिया गया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। फिलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर घटना से जुड़े हर एक पहलू की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले की सच्चाई पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

