कोरिया 19 जून 2026। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में मानवता को शर्मसार करने का सनसनीखेज मामला समाने आया है। यहां एक महिला के साथ उसके पति ने चरित्रशंका पर बर्बरता और अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोपी पति ने न केवल पत्नी केे हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसके बाल काटकर सिर मुंडवा दिया, चेहरे पर कालिख पोत दी और उसे अपमानित करने के लिए पेशाब तक पिलाया। घटना का वीडियो बनाए जाने का भी आरोप है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये पूरा घटनाक्रम पटना थाना क्षेत्र के पंडोपारा स्थित काटकोना गांव का है। यहां रहने वाली पीड़िता ने अपने पति जितेंद्र घसिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। हालांकि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह पति से अलग रह रही थी। पीड़िता के अनुसार 14 जून को उसका पति उसे खोजते हुए पंडोपारा पहुंचा और वहां विवाद के बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पति ने बीच गांव में उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए, कपड़े फाड़े, जूते और थप्पड़ों से मारपीट की तथा कैंची से बाल काटने के बाद सिर मुंडवा दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके चेहरे पर कालिख पोती गई और बच्चों के सामने उसे अपमानित किया गया। घटना के दौरान बच्चों से भी उसे थप्पड़ मरवाए गए और बाद में उसे जबरन पेशाब पिलाया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पूरी घटना का वीडियो बनाया गया। दूसरी ओर आरोपी पति ने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाते हुए अलग आरोप लगाए हैं।
उसका कहना है कि पारिवारिक विवाद के कारण दोनों अलग रह रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कोरिया जिले में घटित यह घटना न केवल घरेलू हिंसा बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़े गंभीर सवाल भी खड़े करती है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।

