कोंडागांव 10 जुलाई 2026। कोंडागांव जिले में पत्रकारिता की आड़ लेकर लोगों को कथित रूप से डराकर अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी खुद को पत्रकार बताकर दुकानदारों को समाचार प्रकाशित कर बदनाम करने और जेल भिजवाने की धमकी देते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के जामपदर पारा का है। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि बीज भंडार संचालक तिमिर प्रकाश पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो लोग उनकी दुकान पर पहुंचे और खुद को पत्रकार बताते हुए दुकान की फोटो और वीडियो बनाई। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर समाचार प्रकाशित कर बदनाम करने और जेल भिजवाने की धमकी देकर 30 हजार रुपये की मांग की और अवैध राशि वसूल ली। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने कार्तिकेश्वर कश्यप निवासी मावलीगुड़ा थाना बस्तर और विशाल सोनी निवासी करेकोटपारा, पण्डरीपानी थाना परपा, जिला बस्तर को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुद को पत्रकार बताकर लोगों को बदनाम करने का भय दिखाते हुए रुपये वसूलने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सीजी 17 एलसी 6661 नंबर की डिजायर कार, एक मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।
जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 6.40 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।कोंडागांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पत्रकारिता की आड़ लेकर कथित आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ की गई है। पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों की छवि को प्रभावित करना नहीं है। कानून सभी के लिए समान है और किसी भी पेशे की आड़ में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

