कोरबा 16 जून 2026। कोरबा में भाजपा नेता और पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर जानलेवा हमला हुआ। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही उद्योग मंत्री घायल बीजेपी नेता से मिलने मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे। वहीं बीजेपी नेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घटित हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। शिव बालक सिंह तोमर अपने भतीजे से मुलाकात करने जिला जेल गए थे। इसी दौरान जेल मार्ग पर उनकी मुलाकात जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली से हुई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान रज्जाक अली ने तोमर को अपने भतीजे से दूरी बनाए रखने की नसीहत दी, जिस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि रज्जाक अली और उसके तीन साथियों ने तोमर पर रॉड, डंडे और बेसबॉल स्टिक से हमला कर दिया।
हमलावरों ने उनके पैरों को निशाना बनाते हुए घुटने के नीचे कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटनास्थल पर मौजूद एक आरोपी तलवार लेकर पहुंचा था। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल भाजपा नेता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। कुछ ही घंटों के भीतर जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। घटना में इस्तेमाल तलवार सहित अन्य हथियारों की बरामदगी के लिए भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। भाजपा नेता पर हमले की घटना को लेकर जिले की राजनीति भी गरमा गई है। घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन समेत भाजपा के कई नेता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और शिव बालक सिंह तोमर का हालचाल जाना।
भाजपा नेताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं गिरफ्तार जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ने घटना को महिला संबंधी विवाद से जुड़ा बताया है। उसका कहना है कि महिलाओं के साथ गलत व्यवहार होने पर वह चुप नहीं बैठेगा। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के इस दावे की भी जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
