कोरबा, 29 जून 2026। कोरबा शहर में सोमवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि घटना कोतवाली थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, जहां एक हमाल की सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक घटना शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे बने चबूतरे की है। मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है, जो हमाली का काम करता था और वहीं आसपास खानाबदोश जीवन व्यतीत करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में वह चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उसके सिर पर डंडे से लगातार कई वार कर मौके से फरार हो गया। गंभीर चोट लगने से राजेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हत्या की जानकारी के बाद कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि सुबह मृतक और उसके साथ रहने वाले एक अन्य हमाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से फुटपाथ पर रहकर जीवनयापन कर रहे थे। उस समय आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन कुछ घंटों बाद आरोपी दोबारा लौटा और सो रहे राजेश पर जानलेवा हमला कर फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और सुबह हुए विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर हत्या हुई, वह कोतवाली थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और दावा कर रही है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

