कोरबा 1 जुलाई 2026। कोरबा जिले के छुरी में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और मिर्च पाउडर फेंककर कट्टे और चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। ज्वेलरी दुकान के संचालक की सतर्कता और साहस के कारण लूटेरे दुकान से ज्यादा सामानों की लूट करने में नाकाम रहे। भागते समय आरोपी अपना कट्टा और प्लैटिना मोटरसाइकिल भी छोड़ गए। जानकारी के बाद पुलिस क्षेत्र में नाकेबंदी कर फरार लूटेरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
जानकारी केे मुताबिक लूट की ये वारदात कटघोरा थाना क्षेेत्र के छुरी क्षेत्र का है। बताया जा रहा हैै कि दोपहर करीब एक बजे छुरी स्थित राज ज्वैलर्स में तीन आरोपी ग्राहक बनकर पहुंचे। इनमें से एक आरोपी महिला के वेश में सलवार-सूट पहनकर आया था। आरोपियों ने पहले सोने की अंगूठी दिखाने की बात कही और मौका मिलते ही कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद कट्टे और चाकू के बल पर दुकान में रखे जेवर समेटने लगे। इसी दौरान दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने बदमाशों का विरोध करते हुए उन्हें पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे संचालक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने उनके हाथ में दांत से भी काट लिया।
संचालक के विरोध के चलते बदमाश बड़ी लूट को अंजाम नहीं दे सके और जल्दबाजी में कुछ आर्टिफिशियल ज्वेलरी व कुछ अन्य सोने-चांदी के हल्के जेवर लेकर लेकर मौके से भाग निकले। भागते समय आरोपी अपना कट्टा और प्लैटिना मोटरसाइकिल भी छोड़ गए। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर कोरबा जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले बाजार में हथियारों के दम पर ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि बाजार क्षेत्र में भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

