रायगढ़ 24 जून 2026। रायगढ़ जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही हैै। यहां पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट के फर्नेस में रिसाव के बाद हुए ब्लास्ट में चार श्रमिक बुरी तरह से घायल हो गए। ब्लास्ट के बाद संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। आनन फानन में घायल श्रमिकों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को रायपुर रेफर किया गया हैै। रायगढ़ में घटित हादसे ने एक बार फिर उद्योगों में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक आज दोपहर प्लांट में नियमित उत्पादन कार्य चल रहा था। इसी दौरान फर्नेस में अचानक रिसाव हुआ और देखते ही देखते जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट की चपेट में आकर अमरेश कुमार, रामनाथ, उजेन्द्र और फिरोज नामक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही उद्योग प्रबंधन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक संचालक राहुल पटेल के अनुसार चारों श्रमिक लगभग 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं, जबकि एक श्रमिक के हाथ में फ्रैक्चर भी हुआ है।
हर बार हादसे के बाद जांच, लेकिन नहीं रुक रहे हादसे
छत्तीसगढ़ केे रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा और रायपुर जैसे औद्योगिक जिलों में बीते कुछ वर्षों के दौरान फैक्ट्रियों, पावर प्लांटों और स्टील उद्योगों में कई बड़े हादसे सामने आ चुके हैं। लगभग हर घटना के बाद जांच के आदेश दिए जाते हैं, सुरक्षा मानकों की समीक्षा की बात होती है, लेकिन हादसों का सिलसिला थमता नजर नहीं आता। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि उद्योगों में नियमित सुरक्षा ऑडिट और निरीक्षण किए जाते हैं, तो फिर फर्नेस ब्लास्ट, गैस रिसाव, बॉयलर विस्फोट और मशीनरी दुर्घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं ? क्या सुरक्षा मानकों का पालन केवल कागजों तक सीमित है या फिर उत्पादन के दबाव में श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है ?
श्रमिकों की सुरक्षा या उत्पादन की दौड़ ?
औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिक अक्सर उच्च तापमान, भारी मशीनों और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं। ऐसे में सुरक्षा उपकरण, नियमित प्रशिक्षण और तकनीकी निगरानी बेहद जरूरी होती है। लेकिन हर नए हादसे के बाद यह सवाल फिर उठता है कि क्या उद्योग प्रबंधन सुरक्षा को उतनी प्राथमिकता दे रहा है, जितनी उत्पादन को ? स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक विकास जरूरी है, लेकिन श्रमिकों की सुरक्षा उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत नहीं किया गया, तो ऐसे हादसे भविष्य में और गंभीर रूप ले सकते हैं।
जांच के बाद सामने आएगी वजह
फिलहाल औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम जांच के लिए रवाना हो चुकी है। प्रारंभिक तौर पर फर्नेस में रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। हालांकि रायगढ़ इस्पात में हुआ यह हादसा सिर्फ एक फैक्ट्री की घटना नहीं है, बल्कि यह उस बड़े सवाल की याद दिलाता है, जिसका जवाब आज भी तलाशा जा रहा है….आखिर छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के दावों के बावजूद हादसे रुक क्यों नहीं रहे हैं ?

