रायपुर, 29 नवंबर 2026। कर्नाटक में मजदूरी नहीं मिलने के कारण फंसे छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के 25 श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके घर वापस लाया गया है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला प्रशासन की पहल पर कर्नाटक के बेलगावी जिले में फंसे इन श्रमिकों को न केवल सुरक्षित वापस लाया गया, बल्कि उनकी बकाया मजदूरी 42 हजार 960 रुपये का भुगतान भी कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, मोहला थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ के 21 श्रमिक और महाराष्ट्र के 4 श्रमिक गन्ना कटाई के काम के लिए कर्नाटक के बेलगावी जिले के कित्तूर तालुका गए थे। काम पूरा करने के बावजूद मजदूरी का भुगतान नहीं होने के कारण वे वहां फंस गए थे।मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने तत्काल संज्ञान लिया और श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने राजस्व, श्रम और पुलिस विभाग के अधिकारियों को शामिल करते हुए विशेष अंतर्राज्यीय रेस्क्यू दल गठित किया।
टीम को कर्नाटक के बेलगावी जिले के लिए रवाना किया गया। 27 नवंबर को रेस्क्यू टीम बेलगावी जिले के कित्तूर तालुका अंतर्गत ग्राम शिवनूर पहुंची। बेलगावी जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सभी 25 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। संयुक्त टीम ने संबंधित खेत मालिक से श्रमिकों के कार्य दिवसों की गणना कराई और कित्तूर पुलिस थाना परिसर में ही उनकी पूरी बकाया मजदूरी 42 हजार 960 रुपये का भुगतान सुनिश्चित कराया।
कर्नाटक से सकुशल मोहला लौटे श्रमिकों का अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे ने आत्मीय स्वागत किया और उनका हालचाल जाना। श्रमिकों ने सुरक्षित वापसी कराने और बकाया मजदूरी दिलाने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। प्रशासन की ओर से सभी श्रमिकों को उनके गृह ग्राम तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई। छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के जिला प्रशासन के साथ राजस्व, श्रम और पुलिस विभाग के समन्वय से चलाए गए इस अभियान के जरिए 25 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी और उनकी बकाया मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया गया।



