सरगुजा 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक निजी स्कूल में चार साल के मासूम छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। सीतापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत सरगा स्थित भारत माता बाल विद्या मंदिर में KG-01 में पढ़ने वाले बच्चे के साथ स्कूल की शिक्षिका पर मारपीट का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि होमवर्क पूरा नहीं होने से नाराज शिक्षिका ने बच्चे को डंडे से पीटा। घर पहुंचने पर बच्चे की पीठ पर चोट के कई निशान दिखाई दिए, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
मामले में पीड़ित छात्र की पहचान यशवंत कुमार नागवंशी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, स्कूल से घर लौटने के बाद जब वे बच्चे की ड्रेस बदल रहे थे, तब उनकी नजर उसकी पीठ पर पड़ी। पीठ पर डंडे से पिटाई के पांच से अधिक निशान देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। बच्चे से जानकारी लेने के बाद परिजनों ने शिक्षिका प्रीति मरकाम पर पिटाई का आरोप लगाया। पीड़ित बच्चे के परिजन मामले की शिकायत लेकर सीतापुर थाने पहुंचे और लिखित आवेदन दिया। बच्चे के पिता भीम कुमार नागवंशी के मुताबिक, पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार ने बच्चे के साथ कथित मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में पुलिस ने बताया कि बच्चे के परिजनों से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद मामले में FIR दर्ज की जाएगी। चार साल के बच्चे के साथ मारपीट के इस आरोप ने निजी स्कूलों में छोटे बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। होमवर्क पूरा नहीं होने पर किसी बच्चे के साथ शारीरिक हिंसा का आरोप बेहद गंभीर है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



