रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के मंदिरहसौद क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। सेरीखेड़ी रेलवे ओवरब्रिज पर सड़क के बीच बने सीमेंट के डिवाइडर की पेंटिंग कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हुए तीन मजदूरों में 2 की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि तीसरे मजदूर को चिंताजनक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में घटित हुआ है। बताया जा रहा है कि ग्राम सेरीखेड़ी में रेलवे ओवरब्रिज के उतार पर एनएच-53 के डिवाइडर पर पेंटिंग का काम चल रहा था। मजदूर सड़क के बीचोंबीच काम कर रहे थे। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर स्टॉपर लगाए गए थे। इसी दौरान आरंग की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक अज्ञात वाहन स्टॉपर को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा और काम कर रहे तीन मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के श्यारोली क्षेत्र निवासी कपिल सैनी उर्फ गोलू (24) और पिंटू माली (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीसरे मजदूर थनवा को भी चोटें आईं।
कपिल सैनी को उपचार के लिए मंदिरहसौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। वहीं, पिंटू माली को रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 29 अक्टूबर की सुबह उसकी मौत हो गई। तीसरे घायल मजदूर थनवा को हल्की चोटें आई हैं। उसका डीकेएस अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मंदिरहसौद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।


