अंबिकापुर 30 अक्टूबर 2026। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम ‘अर्णब’ के प्रभाव से सरगुजा जिले में हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग की ओर से भारी वर्षा, तेज आंधी और गरज-चमक को लेकर रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किए जाने के बाद सरगुजा जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को भी जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिला शिक्षा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश रहेगा। यह आदेश कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर जारी किया गया है।
आपको बता दे इससे पहले गुरुवार को भी जिले के सरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने शुक्रवार को भी अवकाश बढ़ाने का निर्णय लिया है। मौसम विभाग ने जिले में तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क है। प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।लगातार दूसरे दिन स्कूलों में अवकाश का फैसला मौसम की गंभीरता और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है।



