रायपुर 9 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर में भीषण सड़क हादसे में पुलिस जवान समेत 2 की मौत हो गयी। बतया जा रहा है कि रायपुर के सीमावर्ती क्षेत्र खरोरा में बंगोली के पास तेज रफ्तार कार और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार पुलिस जवान के साथ ही उसके दो अन्य साथी कार मेें सवार थे। इस भीषण हादसे में पुलिस जवान और उसके एक साथी की मौत हो गयी, वहीं उसके तीसरे साथी की हालत गंभीर बतायी जा रही है। दुर्घटना के बाद घायल युवक को चिंताजनक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की भयावहता का अंदाजा कार की बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत से लगाया जा सकता है। टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के मुताबिक ये भीषण हादसा खरोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात घटित हुआ। बताया जा रहा है कि सारागांव और बरौंडा के बीच चैती तालाब के पास कार और भूसे से भरे ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार आरक्षक कमलेश वर्मा और रुपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोपी साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ग्राम तर्रा निवासी आरक्षक कमलेश वर्मा अपने गांव के ही रुपेश निषाद और गोपी साहू के साथ शुक्रवार को रायपुर घूमने गया था। रात में तीनों कार से खरोरा की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान बरौंडा के पास खरोरा की ओर से आ रहे भूसे से भरे ट्रैक्टर से उनकी कार की टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आरक्षक कमलेश वर्मा और रुपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपी साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी।
कुछ दिन पहले ही तिल्दा से सिलतरा हुआ था ट्रांसफर
आरक्षक कमलेश वर्मा पहले तिल्दा थाने में पदस्थ था। कुछ दिन पहले ही उसका स्थानांतरण सिलतरा थाने में हुआ था। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार से छुट्टी पर था और शुक्रवार को दोस्तों के साथ रायपुर घूमने गया था। लौटते समय बरौंडा के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। कमलेश की मौत की खबर से उसके गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि कार और ट्रैक्टर के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।


