सूरजपुर 25 सितंबर 2026। सूरजपुर जिले के पकनी गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मां के कथित प्रेम संबंधों को लेकर नाराज चल रहे बेटे ने घर में एक व्यक्ति को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा तो गुस्से में उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को छिपाने के लिए मां-बेटे ने कथित तौर पर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। घर में शव पड़े होने की जानकारी सामने आने के बाद पूरे मामले का राजफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी बेटे और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला भैयाथान विकासखंड के चेंद्रा चौकी क्षेत्र के पकनी गांव का है। पुलिस के अनुसार गांव में रहने वाला प्रभु नारायण कुशवाहा उर्फ सूरज कुशवाहा (40) का गांव की ही 40 वर्षीय महिला से कथित संबंध थे। महिला का छोटा बेटा करण देवांगन चेन्नई में रहकर काम करता था। कुछ दिन पहले ही वह गांव वापस आया था। इस दौरान उसे ग्रामीणों से अपनी मां और प्रभु नारायण के कथित संबंधों की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर करण पहले से ही नाराज चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार शाम करण घर पहुंचा। इसी दौरान उसने अपनी मां और प्रभु नारायण को कथित रूप से आपत्तिजनक हालत में देखा। इसके बाद उसका गुस्सा बेकाबू हो गया। आरोप है कि करण ने घर में रखे डंडे से प्रभु नारायण पर हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि प्रभु नारायण की मौत हो गई। घटना के बाद घर में हड़कंप मच गया।
हत्या के बाद लाश ठिकाने लगाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद मामले को छिपाने के लिए करण और उसकी मां ने कथित तौर पर शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। हालांकि दोनों इसमें सफल नहीं हो सके और शव घर में ही रह गया। जब घटना की जानकारी गांव में फैली तो ग्रामीणों ने मृतक के भाई को सूचना दी। इसके बाद मृतक का भाई चेंद्रा चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने करण देवांगन और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मां के कथित संबंधों से शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंचा और हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश ने मामले को और पेचीदा बना दिया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


