बिलासपुर 15 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व, दक्षिण पूर्व मध्य एवं पूर्व तटीय रेलवे एम्प्लाइज को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी यानी रेलवे अर्बन बैंक ने अपने शेयरधारकों, सदस्यों और स्टाफ के आश्रितों के लिए रोजगार का अवसर दिया है। सोसाइटी ने ग्रुप-C के 35 पदों पर भर्ती प्रक्रिया-2026 शुरू करने की घोषणा की है। भर्ती के लिए आवेदन फॉर्म 17 सितंबर 2026 से मिलेंगे और आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 16 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। सोसाइटी के चेयरपर्सन एस.पी. सिंह और वाइस-चेयरपर्सन एम. रविकांत ने बताया कि यह भर्ती परिवर्तन पैनल की ओर से किए गए रोजगार संबंधी वादे के अनुरूप की जा रही है।
भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए अलग वेतन स्तर निर्धारित किया गया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 35 पद शामिल हैं। इनमें अकाउंटेंट असिस्टेंट के 2 पद पे लेवल-5, केयरटेकर कम इलेक्ट्रिशियन के 6 पद लेवल-2, जूनियर क्लर्क कम कंप्यूटर असिस्टेंट के 25 पद लेवल-2, पीएस टू चीफ मैनेजर का 1 पद लेवल-6 और स्टेनोग्राफर का 1 पद लेवल-5 शामिल है। जारी सूचना के मुताबिक पात्रता के लिए उम्र की गणना 1 सितंबर 2025 से की जाएगी। संबंधित शेयरधारक, सदस्य या स्टाफ के लिए 1 सितंबर 2025 तक 12 सीएमटीडी रिकवरी या शेयर सर्टिफिकेट जारी होने के 12 महीने, इनमें से जो भी पहले हो, की शर्त पूरी करना जरूरी होगा।
CBT के बाद कई चरणों में चयन
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले 100 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT होगी। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ग्रुप डिस्कशन, ड्राफ्टिंग, कंप्यूटर स्किल टेस्ट और मौखिक साक्षात्कार से गुजरना होगा।
- CBT — 100 अंक
- ग्रुप डिस्कशन — 5 अंक
- ड्राफ्टिंग — 5 अंक
- कंप्यूटर स्किल टेस्ट — 10 अंक
- मौखिक साक्षात्कार — 10 अंक
इन सभी चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी। आवेदन फॉर्म की कीमत 10 रुपये रखी गई है, जबकि प्रत्येक पद के लिए 700 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। यह शुल्क नॉन-रिफंडेबल होगा। उम्मीदवार अधिकतम दो पदों के लिए अलग-अलग आवेदन कर सकेंगे।
17 सितंबर से मिलेंगे आवेदन फॉर्म
आवेदन फॉर्म 17 सितंबर 2026 से सोसाइटी की सभी शाखाओं और एक्सटेंशन काउंटरों पर उपलब्ध होंगे। उम्मीदवार कार्य दिवसों में सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक फॉर्म प्राप्त कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 16 नवंबर 2026 शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है। नियुक्ति से पहले उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल जांच और पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। शैक्षणिक योग्यता, पदवार पात्रता और अन्य नियम-शर्तों की विस्तृत जानकारी सोसाइटी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। रेलवे अर्बन बैंक की इस भर्ती से संबंधित पात्र शेयरधारकों, सदस्यों और स्टाफ के आश्रितों को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। हालांकि आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों के लिए पदवार शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित पात्रता शर्तों की जांच करना जरूरी होगा।


