रायपुर 27 अगस्त 2026। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच रायपुर की रहने वाली मोनिका यादव के लापता होने की खबर सामने आई है। मोनिका 22 अगस्त 2026 से नेपाल प्रवास पर थीं। बाढ़ की आपदा के बाद से उनका परिजनों से संपर्क टूट गया है। मोनिका यादव रायपुर के महादेव घाट क्षेत्र, थाना डी.डी. नगर की निवासी बताई गई हैं। उनके लापता होने की सूचना मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई है। राज्य सरकार अब उनकी सुरक्षित तलाश के लिए संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है।
नेपाल में प्राकृतिक आपदा के हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के उन नागरिकों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है, जो नेपाल गए हैं या वहां मौजूद हैं। सरकार अलग-अलग जिलों से नेपाल गए नागरिकों की स्थिति की जानकारी जुटा रही है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। मोनिका यादव के मामले में भी संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर उनकी खोजबीन के प्रयास किए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए या वहां रह रहे प्रदेश के किसी नागरिक के संबंध में यदि किसी के पास जानकारी हो, तो उसे तत्काल प्रशासन के साथ साझा करें। सरकार ने कहा है कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। नेपाल में फंसे या प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
कंट्रोल रूम: 0771-2223471
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि नेपाल में प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुरक्षा और उनके परिजनों की सहायता के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है। फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता मोनिका यादव की सुरक्षित तलाश और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करना है।


