कोरबा 22 अगस्त 2026। सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कोरबा जिले के करतला विकासखंड में विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय करतला में आयोजित हुई, जिसमें विकासखंड के 15 हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों से चयनित 30 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय और जिला नोडल अधिकारी डॉ. फरहाना अली के मार्गदर्शन में तथा विद्यालय के प्राचार्य दुबराज सिंह राठिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
सड़क सुरक्षा पर आधारित इस क्विज प्रतियोगिता को अलग-अलग चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। प्रत्येक टीम से दो प्रश्न पूछे गए और प्रत्येक सही उत्तर के लिए 10 अंक निर्धारित थे। दूसरे चरण में विद्यार्थियों को अपने सामान्य ज्ञान और समझ के आधार पर प्रश्नों के उत्तर देने थे। इसके बाद बजर राउंड में सभी टीमों के लिए सामूहिक प्रश्न रखे गए। सही उत्तर देने के लिए टीमों को हाथ उठाकर जवाब देना था, जबकि गलत उत्तर पर माइनस मार्किंग का प्रावधान रखा गया। किसी टीम के प्रश्न पास करने पर अगली टीम को बोनस अंक दिए गए।
अंतिम चरण सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देश चित्र यानी मोनो पर आधारित था। इसमें चित्र दिखाकर विद्यार्थियों से उससे संबंधित सवाल पूछे गए। अलग-अलग चरणों में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और सड़क सुरक्षा से जुड़े सवालों के जवाब दिए। प्रतियोगिता में पीएम श्री सेजेस करतला की लवली रजक और प्रमिला राठिया की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तरदा की सानिया पटेल और प्रियंका श्रीवास दूसरे स्थान पर रहीं। जबकि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेंद्रीपाली की प्रियंका खांडे और जितेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों का चयन
जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों का चयन किया गया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन कोरबा में किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों में बालिका वर्ग से लवली रजक, प्रमिला राठिया, सानिया पटेल, प्रियंका श्रीवास और प्रियंका खांडे शामिल हैं। वहीं बालक वर्ग में जितेश, केशव गोविंद, भगवती चरण और भोला का चयन किया गया है।
विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
प्रतियोगिता में रामपुर, बोतली, सेंद्रीपाली, गिधौरी, सोहागपुर, जर्वे, तरदा, मदवानी, उमरेली, कनकी, तुमान और सरगबुंदिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शालिनी हरदहा पटेल ने किया। आयोजन की व्यवस्था में पवन कुमार काठले और नीलिमा पटेल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और अतिथियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
विद्यालय के प्राचार्य दुबराज सिंह राठिया ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी का आभार जताया। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय के समस्त स्टाफ का भी धन्यवाद किया। सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित इस क्विज प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ-साथ उनके ज्ञान और निर्णय क्षमता को परखने का अवसर भी दिया। अब चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करतला विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।


