रायपुर 13 अगस्त 2026। हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में सोने की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने DRI नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेन से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का विदेशी सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया है। उनके पास से 1.242 किलो सोना मिला है, जिसमें 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है।
जानकारी के मुताबिक आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो लोग विदेशी सोना लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम के साथ डीआरआई नागपुर के अधिकारियों को जांच के लिए लगाया गया। संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान बी-12 कोच में दो संदिग्धों की पहचान कर उन्हें भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान दोनों संदिग्धों के पास से 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। बरामद सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम है। जांच में इसे विदेशी सोना बताया गया है और इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये आंकी गई है। करीब दो करोड़ रुपये का सोना ट्रेन के जरिए ले जाए जाने की सूचना सामने आने के बाद एजेंसियां अब इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुट गई हैं।
डीआरआई नागपुर ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। इस कार्रवाई के बाद अब जांच का सबसे अहम सवाल यही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था?
डीआरआई दोनों संदिग्धों से पूछताछ के जरिए सोने की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या दोनों किसी बड़े सोना तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं और इस मामले में इनके अलावा और लोग भी शामिल हैं। ट्रेन में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ किया है कि तस्करी के लिए रेल मार्ग का इस्तेमाल किए जाने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा और जांच एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं।


