बिलासपुर 30 जुलाई 2026। बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी धधकती भट्ठी में कूद गया। बताया जा रहा है कि बंदी ने जेल परिसर में गैसीफायर प्लांट की जलती भट्टी में एकाएक छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आनन फानन में बुरी तरह से झुलसे कैदी को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उधर इस घटना की जानकारी के बाद कलेक्टर और एसएसपी सेंट्रल जेल पहुंचे और घटना की जांच का निर्देश दिया है।
जानकारी के मुताबिक बिलासपुर सेंट्रल जेल में यह खौफनाक घटना बुधवार को घटित हुई। मृतक कैदी की पहचान राहुल ऊर्फ विकेश कंवर के रूप में हुई है, जो बम्हनीडीह चांपा का रहने वाला था। राहुल डबल मर्डर के केस में पिछले 10 साल से जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि बुधवार को जेल में कैदियों के भोजन की तैयारी की जा रही थी। खाना बनाने के लिए जेल के कीचन में गैसीफायर प्लांट लगाया गया है। बताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान ही गैसीफायर प्लांट की धधकती भट्ठी में कैदी राहुल उर्फ विकेश कंवर ने छलांग लगा दी।
घटना के बाद आनन फानन में उसे बाहर निकाला गया। लेकिन बुरी तरह से झुलसने के कारण उसकी जान नहीं बचायी जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस अफसरों की टीम सेंट्रल जेल पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर जेल अधिकारियों से जानकारी ली। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि घटना की जानकारी लेकर जांच के निर्देश दिये गये है।
एक महीने के भीतर 5 बंदियों की मौत, सवालों के घेरे मेें जेल प्रबंधन
बिलासपुर सेंट्रल जेल में हुए इस घटना ने एक बार फिर जेल प्रबंधन की कार्य प्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। ये कोई पहला मामला नहीं है जिसमें किसी बंदी ने खौफनाक कदम उठाया हो, इससे पहले भी कई गंभीर घटनाओं को लेकर बिलासपुर सेंट्रल जेल चर्चा में रही है। जेल के भीतर बंदियों के बीच मारपीट, संदिग्ध मौत, नशे का सामान, मोबाइल मिलने और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही जैसे मामलों पर समय-समय पर सामने आते रहे हैं। ऐसे में इस ताजा घटना ने एक बार फिर जेल प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वहीं बिलासपुर सेंट्रल जेल में पिछले एक महीने के भीतर 5 बंदियों की मौत की घटना ने भी जेल प्रबंधन की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है।

