रायपुर 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में एक भीषण सड़क हादसे में घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुई, जब किरण सिंहदेव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन कर परिवार के साथ इनोवा कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्त में तेज रफ्तार कार और ट्रक में पीछे की तरफ से जा टकराई। हादसे में किरण सिंहदेव को कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव गुरू पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गये हुए थे। बताया जा रहा है कि दर्शन करने के बाद वह अपनी इनोवा कार से परिवार के साथ वापस लौटर रहे थे। तेज रफ्तार कार झांसी-ललितपुर मार्ग पर पहुंची थी, इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। तेज रफ्तार में लगाए गए ब्रेक के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद किरण सिंह देव को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे में उन्हें कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हालांकि उनकी स्थिति स्थिर है और फिलहाल किसी तरह का खतरा नहीं है। हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं और समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई। कई नेताओं ने फोन पर उनका हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। हादसे के कारणों की भी स्थानीय प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है।

