नई दिल्ली 25 जुलाई 2026। NEET 2026 पेपर लीक को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया के जरिए छात्रों और युवाओं से संवाद किया। शुक्रवार को जारी एक नए वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके पिछले वीडियो पर मिले सकारात्मक सुझावों और प्रतिक्रियाओं के लिए वह सभी युवाओं के आभारी हैं।
PM Shri @narendramodi thanked India’s youth for the response and suggestions following his video and expressed his gratitude for the overwhelming support.
Watch ⬇️ pic.twitter.com/Y2q35aRNdP
— BJP (@BJP4India) July 24, 2026
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, “थैंक्यू फ्रेंड्स… कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला। मैंने जो वीडियो पोस्ट किया था, उस पर जिस तरह आपने प्रतिक्रिया दी और सकारात्मक सुझाव दिए, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद। आपका प्यार और विश्वास बना रहे, हमारा संवाद आगे भी और अधिक सक्रियता से जारी रहेगा।” इससे पहले गुरुवार रात करीब 11:52 बजे प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया था।
उस वीडियो में उन्होंने NEET पेपर लीक मामले पर सरकार का पक्ष रखते हुए भरोसा दिलाया था कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा था कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों के लिए बेहद पीड़ादायक होती हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों में सरकार ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कई अहम कदम उठाए हैं और मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती करीब 22 लाख विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष बचाना था। इसी वजह से कम समय में दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई और हाल ही में उसके परिणाम भी घोषित किए गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि सफल विद्यार्थियों की खुशी संतोष का विषय है, लेकिन सरकार केवल परीक्षा कराने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुरक्षित बनाने के लिए सुधारों की प्रक्रिया जारी रखेगी।
प्रधानमंत्री के लगातार दो दिनों तक आए वीडियो संदेशों को छात्रों के बीच बढ़ते असंतोष और परीक्षा प्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सरकार की ओर से सीधे संवाद की पहल के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में छात्र संगठन अब भी पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

