कोरबा 10 नवंबर 2026। औद्योगिक नगरी कोरबा में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार, अंधेरा, सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहन और कमजोर सड़क सुरक्षा व्यवस्था लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ताजा मामला दीपका-पाली मुख्य मार्ग का है, जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से बाइक टकराने के बाद दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने करीब सात घंटे तक सड़क पर चक्काजाम किया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच दीपका थाना क्षेत्र के सिरकी मोड़ बतारी के पास हुआ। ग्राम तिवारता के तीन युवक आमापारा से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील आर्मो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में भोलू मरकाम और मनमोहन मरकाम भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल भोलू को पहले बिलासपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। तीसरे युवक मनमोहन को सामान्य चोटें आई हैं।
दो युवकों की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने SECL प्रबंधन पर सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं है। इसके अलावा सड़क किनारे भारी वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सिरकी मोड़ से के.के. पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ीकरण, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने और नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की। चक्काजाम के चलते करीब सात घंटे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ चक्काजाम
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम, दीपका और हरदीबाजार के तहसीलदार, दीपका थाना प्रभारी और SECL के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग राशि भी दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। कोरबा में SECL की खदानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और बिजली संयंत्रों के कारण भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। कोयला परिवहन में लगे ट्रेलर और भारी वाहन कई प्रमुख मार्गों से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट का अभाव और यातायात प्रबंधन में खामियां दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ाती हैं।
दीपका-पाली मार्ग का यह हादसा केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि औद्योगिक परिवहन और आम नागरिकों की सुरक्षा के बीच बिगड़ते संतुलन की ओर भी इशारा करता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कितनी मौतों के बाद सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की व्यवस्था सुधरेगी? कितने परिवारों के उजड़ने के बाद अंधेरे रास्तों पर रोशनी पहुंचेगी? हर बड़े हादसे के बाद चक्काजाम, आश्वासन और मुआवजे का सिलसिला तो सामने आता है, लेकिन स्थायी सड़क सुरक्षा व्यवस्था कब बनेगी?


