कोरबा/बलरामपुर 3 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून अब रफ्तार पकड़ने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली जानलेवा साबित हो रही है। कोरबा और बलरामपुर जिले में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुमान में शुक्रवार दोपहर किसान धनीराम पटेल अपने बेटे के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से पिता-पुत्र उसकी चपेट में आ गए। हादसे में धनीराम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, दूसरी घटना बलरामपुर जिले में हुई। यहां गुरुवार दोपहर खेत में काम कर रही मानती टेकाम और उनकी 14 वर्षीय बेटी विमला टेकाम तेज बारिश शुरू होने पर बचाव के लिए खेत के पास एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इधर, मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव (लो-प्रेशर) का क्षेत्र बनने से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
इसके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बीते 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।
हालांकि, पूरे मानसून सीजन की बात करें तो अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 54 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। लगातार बदलते मौसम और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

