कोरबा 2 जुलाई 2026। कोरबा जिले में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में हुई लूट की वारदात के 30 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी में संचालित राज ज्वेलर्स में तीन हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। इस पूरे घटना में गनीमत की बात ये रही कि जिस कट्टे की नोक पर बदमाश सराफा कारोबारी को लूटने पहुंचे थे, उसमें कारतूस ही नहीं था। मतलब वारदात में शामिल लूटेरे प्रोफेशन नहीं थे, वरना बड़ी घटना भी घटित हो सकती थी। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीम सीसीटीवी फूटेज के आधार पर फरार आरोपियों का सुराग जुटाकर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि 1 जुलाई की दोपहर कटघोरा थाना के छुरी क्षेेत्र में ये लूट की वारदात घटित हुई थी। दोपहर के करीब एक बजे तीन आरोपी ग्राहक बनकर राज ज्वेलर्स पहुंचे थे। इनमें से एक आरोपी महिला के वेश में सलवार-सूट पहनकर आया था। जिससे किसी को उन पर शक न हो सके। सभी आरोेपी चेहरे पर कपड़ा लपेटेे हुए थे। आरोपियों ने पहले सोने की अंगूठी दिखाने की बात कही और जैसे ही मौका मिला, दुकान संचालक और कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद बदमाशों ने देशी कट्टा दिखाकर दुकान संचालक कोे काबू करने का प्रयास करने लगे।
इस दौरान सलवार-सूट पहने आरोपी ने काउंटर फांदकर अंदर घुस गया औैर जेवर समेटना शुरू कर दिया। हालांकि दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया और एक आरोपी के हाथ में मौजूद कट्टे को पकड़ लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे संचालक को हल्की चोट भी आई है। इसके बाद आरोपी संचालक केे हाथ में ही अपना कट्टा औैर दुकान के बाहर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गये। लूट की ये पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रूट का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
यह वारदात ऐसे समय में हुई है, जब कोरबा जिले में लगातार चोरी, लूट और हिंसक अपराधों की घटनाएं सामने आ रही हैं। दिनदहाड़े हथियार के बल पर ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात को अंजाम देना और घटना के 30 घंटे बाद भी आरोपियों का पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहना जिले की कानून-व्यवस्था केे लिए गंभीर सवाल है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाकर सुराग के आधार पर दबिश दी जा रही है। और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर इस लूट कांड का पर्दाफाश किया जायेगा।

