बलरामपुर 29 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में आगजनी की एक घटना ने आपदा प्रबंधन और दमकल व्यवस्था की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मकान में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए पहुंची दमकल की गाड़ी में पानी ही नहीं था। नतीजा यह हुआ कि आग बुझाने के बजाय दमकल कर्मी खुद असहाय नजर आए और स्थानीय लोगों ने अपने दम पर आग पर काबू पाने की कोशिश की। मामले की जांच में प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद पांच दमकल कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर थाना क्षेत्र में शासकीय कन्या विद्यालय के पास किराये के मकान में रहने वाली एक महिला नगर सैनिक के घर उसके पति ने कथित रूप से आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के मकानों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। लेकिन जब दमकल की टीम मौके पर पहुंची, तो लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। जांच में सामने आया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी में आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी ही मौजूद नहीं था। इस वजह से आग बुझाने में कीमती समय बर्बाद हुआ।
हालात ऐसे बने कि स्थानीय नागरिकों ने खुद मोर्चा संभालते हुए आग पर किसी तरह काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल सका। घटना के बाद कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि दमकल टीम न केवल देरी से मौके पर पहुंची, बल्कि वाहन संचालन और तैयारी में भी गंभीर लापरवाही बरती गई। इसके बाद नगर सेना के कमांडेंट ने पांच फायर कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बलरामपुर जिले में सामने आई यह घटना कई गंभीर सवाल छोड़ गई है। यदि दमकल वाहन में पानी नहीं था, तो उसकी नियमित जांच किसकी जिम्मेदारी थी ? क्या वाहन बिना निरीक्षण के आग बुझाने भेज दिया गया ?
क्या केवल फायर कर्मियों को निलंबित कर देने से पूरी जिम्मेदारी तय हो जाएगी या फिर विभागीय निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही भी तय की जाएगी ? बलरामपुर की इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब आपात स्थिति में राहत पहुंचाने वाली व्यवस्था ही तैयार नहीं होगी, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अब निगाहें इस बात पर हैं कि जांच केवल निलंबन तक सीमित रहती है या पूरे फायर सिस्टम की जवाबदेही भी तय होती है।

