धमतरी 29 जून 2026। धमतरी जिले में मछली कारोबारी की नृशंस हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कारोबारी की हत्या किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि उसके ही फिश फार्म में काम करने वाले मजदूरों ने सुनियोजित साजिश के तहत की थी। मजदूरी बढ़ाने से इनकार और कथित अपमानजनक व्यवहार से नाराज आरोपियों ने पहले हत्या की योजना बनाई, फिर कारोबारी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक गरियाबंद जिले के बोइरगांव दर्रीपारा निवासी विप्लव मंडल (55) धमतरी जिले में निजी फिश फार्म का संचालन करते थे। 27 जून की रात वह अपने कर्मचारी चुम्मन यादव के साथ नगरी बाजार से मछली बेचकर लौट रहे थे। इसी दौरान नगरी थाना क्षेत्र के गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग पर पहले से घात लगाए आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले कारोबारी के सिर पर हमला किया, फिर कर्मचारी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। चुम्मन किसी तरह मौके से भाग निकला। इसके बाद आरोपियों ने दो चाकुओं से विप्लव मंडल पर लगातार 40 से अधिक वार किए।
हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव थे और गंभीर चोटों के कारण उनकी आंतें तक बाहर आ गई थीं। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कारोबारी को नगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या के पीछे फिश फार्म में काम करने वाले मजदूरों का हाथ है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने मजदूरी बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हुई।
आरोपियों ने यह भी बताया कि कारोबारी उनके साथ अक्सर गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार करता था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 25 जून को ही हत्या की योजना बना ली थी। उस दिन उनका प्रयास सफल नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने 27 जून को फिर से योजना बनाई और कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही उन्हें जानकारी मिली कि वह बाजार से लौट रहा है, सभी आरोपी सुनसान जंगल में छिपकर उसका इंतजार करने लगे और मौका मिलते ही हमला कर दिया। हत्या के बाद आरोपी कारोबारी के पास से 37 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपियों ने लूटी गई रकम आपस में बांट ली थी।
2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26), जगदीश विश्वकर्मा (50) सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के बोइरगांव के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस ने घटना के दौरान मौजूद कर्मचारी चुम्मन यादव को भी मामले में सह-आरोपी बनाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। हत्या की पूरी साजिश, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

