कोरबा, 22 जून 2026। कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रामसागर पारा में हुई एक युवक की निर्मम हत्या ने कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न केवल क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, बल्कि यह भी संकेत दिया है कि अपराधियों के मन से कानून का भय लगातार कम होता जा रहा है। बताया जा रहा है कि लाठी-डंडों से लैस बदमाशों ने पहले एक युवक पर हमला किया और बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान रवि यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामसागर पारा के एक युवक का हर्षित और महेंद्र गंगवानी नामक युवकों से कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। इसी विवाद की रंजिश को लेकर रविवार देर शाम आरोपी अपने साथियों के साथ रामसागर पारा पहुंचे और संबंधित युवक पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने युवक को संभलने तक का मौका नहीं दिया और उस पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। इसी दौरान बस्ती में रहने वाला रवि यादव विवाद को शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचा।
लेकिन आरोपियों ने उस पर भी बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण रवि यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि हत्या जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेखौफ होकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग कोतवाली थाना पहुंचे और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित स्तर पर नजर नहीं आती।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती, तो शायद इतनी बड़ी घटना को रोका जा सकता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं कोतवाली थाना और घटनास्थल पहुंचे। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हालांकि घटना के बाद पुलिस की सक्रियता दिखाई दे रही है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अपराध होने के बाद की कार्रवाई पर्याप्त है, या फिर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से मजबूत निगरानी, प्रभावी पुलिसिंग और अपराधियों पर कड़ी नजर रखने की आवश्यकता है ?
कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल
कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मारपीट, चाकूबाजी और हत्या की घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यदि रंजिश में खुलेआम हत्या कर आरोपी आसानी से फरार हो जाते हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। शहरवासियों के बीच अब यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का भय क्यों नहीं रह गया है ? रामसागर पारा मेें दिनदहाड़े हुई हत्या सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि शहर की कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी है। जब रंजिश की जानकारी होने के बावजूद हालात हत्या तक पहुंच जाएं और आरोपी खुलेआम वारदात कर फरार हो जाएं, तब पुलिस व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठना लाजिमी है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कितनी जल्दी गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करती है, और शहरवासियों का कानून पर भरोसा दोबारा कायम कर पाती है या नहीं, ये तो आने वाला वक्त ही बतायेगा।

