भिलाई 20 जून 2026। दुर्ग जिले के भिलाई-3 क्षेत्र में स्थित एक औद्योगिक संस्थान में खतरनाक केमिकल रिसाव का मामला सामने आया है। घटना के बाद आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। केमिकल के प्रभाव से करीब 35 मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी प्रभावित मजदूरों का उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक देर रात भिलाई-3 स्थित एक कंपनी से कथित तौर पर किसी रासायनिक पदार्थ रिसाव हुआ। इसका असर पास में स्थित शिवालिक कंपनी में काम कर रहे मजदूरों पर पड़ा। अचानक कई मजदूरों की आंखों में तेज जलन, चेहरे पर परेशानी और सांस लेने में दिक्कत जैसी शिकायतें सामने आने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख प्रभावित मजदूरों को तत्काल सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस घटना में लगभग 35 मजदूर प्रभावित हुए हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार भर्ती मजदूरों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी मजदूर की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी मरीजों का आवश्यक उपचार किया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है।
स्थानीय लोगों में भी चिंता
घटना के बाद आसपास के रहवासियों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित कंपनी से निकलने वाले रासायनिक पदार्थों के कारण लंबे समय से क्षेत्र के लोगों को त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने स्किन एलर्जीए खुजली और जलन जैसी शिकायतें होने की बात कही है।
जांच के बाद होगा खुलासा
प्रशासन और संबंधित विभागों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मजदूरों की तबीयत बिगड़ने का कारण वास्तव में केमिकल रिसाव था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर औद्योगिक क्षेत्र और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

