बिलासपुर 19 जून 2026। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने विभागीय कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन सिरगिट्टी थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कोर्ट से जारी गिरफ्तारी वारंट की तामिली और उससे संबंधित रिपोर्ट समय पर उच्च अधिकारियों को नहीं भेजने के मामले में की गई है।
जानकारी के मुताबिक बिहार के कैमूर (भभुआ) स्थित प्रथम व्यवहार न्यायालय द्वारा आरोपी मोहम्मद आरिफ खान के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट की तामिली करने तथा उसकी स्थिति की जानकारी पुलिस मुख्यालय रायपुर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस मुख्यालय द्वारा 12 जून 2026 को पत्र जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर पालन प्रतिवेदन भेजने को कहा गया था, लेकिन संबंधित रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत नहीं की गई।
एसएसपी रजनेश सिंह ने इसे थाना प्रभारी के कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही मानते हुए निरीक्षक अभय सिंह बैस को निलंबित करने का आदेश जारी किया है। गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब निरीक्षक अभय सिंह बैस पर कार्रवाई हुई हो, हाल ही में सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म और मारपीट के चर्चित मामले की जांच में लापरवाही सामने आयी थी। इस मामले में भी थानेदार अभय सिंह बैस पर जांच में लापरवाही पायी गयी थी।
जिसके बाद उन्हे लाइन अटैच किया गया था। आरोप था कि घटना के बाद समय पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तथा साक्ष्य संकलन में गंभीर चूक हुई थी। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। लगातार सामने आ रही विभागीय लापरवाहियों के बीच यह निलंबन पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। एसएसपी रजनेश सिंह की इस कार्रवाई को विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

