बिलासपुर 16 जून 2026। सेंट्रल जेल बिलासपुर से 14 दिन की पैरोल पर रिहा दुष्कर्म का सजायाफ्ता कैदी फरार हो गया है। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी वह वापस जेल नहीं पहुंचा। जिसके बाद जेल प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया और जेल प्रशासन की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीम फरार बंदी की धरपकड़ के लिए कई स्थानों पर छापेमारी के साथ ही सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक मुंगेली जिले के जल्लीखुर्द निवासी निरंजन सत्यम केंद्रीय जेल में सजा काट रहा था। उसे विशेष न्यायाधीश ‘पॉक्सो‘ मुंगेली ने घर में घुसकर दुष्कर्म, साक्ष्य मिटाने और धमकी देने सहित पॉक्सो एक्ट की धाराओं में दोषी पाते हुए 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। बताया जा रहा है कि महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं के आदेश पर निरंजन को 29 मई 2026 को 14 दिन की पैरोल पर छोड़ा गया था।
पैरोल की शर्त के अनुसार उसे 13 जून की शाम 5 बजे तक केंद्रीय जेल में उपस्थित होना था, लेकिन तय समय गुजरने के बाद भी वह वापस नहीं लौटा। जेल प्रहरी श्रीधर कुमार ध्रुव की रिपोर्ट पर सिविल लाइन पुलिस ने फरारी का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बंदी ने जानबूझकर जेल में आत्मसमर्पण नहीं किया और गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा है।
इसके आधार पर पुलिस ने धारा 262 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने फरार बंदी की तलाश तेज कर दी है। उसके गृह ग्राम सहित संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर वापस जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।


