कोरबा 29 अगस्त 2026। कोरबा में शनिवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब 2 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। नदी-नाले उफान पर हैं, वहीं कई निचले इलाकों में बारिश का पानी घरों तक पहुंच गया है। शारदा विहार कॉलोनी के बीच से गुजरने वाला शहर का मुख्य नाला तेज बारिश के बाद ओवरफ्लो हो गया। नाले का पानी सड़क पर आने से नमन विहार कॉलोनी से शारदा विहार रेलवे फाटक तक का मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया।
सड़क पर पानी भरने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के चलते जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी हुई है। शहर के सीतामगढ़ी इलाके समेत कई आवासीय क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण पानी घरों में घुस गया। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है। उपनगरीय और वनांचल क्षेत्रों में भी नदी-नाले उफान पर बताए जा रहे हैं।
राहत और निकासी के काम में जुटा निगम अमला
लगातार बारिश के बीच नगर निगम का अमला राहत और जल निकासी के काम में जुट गया है। निगम की टीमें जेसीबी की मदद से शहर के प्रमुख नालों को साफ और क्लीयर करने में लगी हैं, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके। निगम की टीम जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है और जहां पानी की निकासी में परेशानी आ रही है, वहां तत्काल व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
बारिश ने बढ़ाई चिंता, नदी-नालों के आसपास सतर्कता जरूरी
कोरबा शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण, उपनगरीय और वनांचल इलाकों में भी लगातार बारिश का असर दिखाई दे रहा है। नदी-नालों में पानी बढ़ने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। फिलहाल प्रशासन और नगर निगम की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत और निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटी हैं। लगातार बारिश जारी रहने पर शहर में जलभराव की स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी हुई है।


