रायपुर 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय राजनीति में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने मुख्य प्रवक्ता पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को पत्र भेजकर अपना त्यागपत्र सौंपा है। हालांकि, इस्तीफे के पीछे उन्होंने किसी राजनीतिक मतभेद या नाराजगी के बजाय निजी कारणों को वजह बताया है। भगवानू नायक ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि मौजूदा परिस्थितियों में निजी कारणों से उनके लिए पार्टी को अपेक्षित समय दे पाना संभव नहीं है। इसी वजह से उन्होंने स्वेच्छा से मुख्य प्रवक्ता पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया है।
इस्तीफे में भगवानू नायक ने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री और जनता कांग्रेस के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ काम करने के अनुभव को अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया है। उन्होंने लिखा कि अजीत जोगी के सानिध्य में उन्हें राजनीति, जनसेवा, संघर्ष और छत्तीसगढ़ के हितों के लिए आवाज उठाने की सीख मिली। इसके साथ ही डॉ. रेणु जोगी से मिले मातृवत स्नेह और अमित जोगी से मिले सम्मान एवं सहयोग के लिए आभार जताया। भगवानू नायक ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि पार्टी के पद और सदस्यता से अलग होने के बावजूद जोगी परिवार के प्रति उनका सम्मान और व्यक्तिगत संबंध पहले की तरह बने रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य प्रवक्ता के रूप में उन्होंने समाचार चैनलों, सार्वजनिक मंचों और मीडिया के माध्यम से पार्टी, छत्तीसगढ़ की जनता और जोगी परिवार का पक्ष रखने का प्रयास किया। इस दौरान पार्टी के साथियों, मीडिया और जनता से मिले सहयोग के लिए उन्होंने आभार जताया। भगवानू नायक ने इस्तीफे में किसी तरह की कटुता, शिकायत या व्यक्तिगत मतभेद से इनकार किया है। उन्होंने डॉ. रेणु जोगी से अपना इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया है। फिलहाल उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मुख्य प्रवक्ता और सक्रिय सदस्य के रूप में उनकी भूमिका समाप्त होने से पार्टी के संगठनात्मक और मीडिया पक्ष पर इसका असर पड़ सकता है।



