ग्वालियर 18 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, जबकि 26 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं। दुर्घटना के बाद मध्यप्रदेश सरकार और केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों तथा घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक ये भीषण हादसा शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे थेए तभी ट्रक श्रद्धालुओं और दुकानों को रौंदते हुए मंदिर के एंट्री गेट से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मंदिर की दीवार ढह गई। कई लोग इसके मलबे में दब गए थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। हादसे में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सात घायलों की हालत गंभीर बताई गई थी।
इस हादसे ने नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही पर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता और घायलों के उपचार पर प्रशासन का ध्यान है। एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, भारी वाहनों को रोकने के लिए सड़क पर बैरिकेड लगाए गए थे, लेकिन ट्रक उन्हें तोड़कर आगे निकल गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दुर्घटना हो गई। वहीं घटना की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को चार लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सीएम ने अधिकारियों को घायलों का निशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों और घायलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए कहा है। जानकारी के मुताबिक, प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर जिलों के रहने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने PMNRF से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।


