कोरबा 10 अगस्त 2026। कोरबा में महिला की जली हुई लाश मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक घटना से पहले एक आरोपी ने महिला के साथ कथित तौर पर संबंध बनाया। इसके बाद दूसरे आरोपी ने भी महिला की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। महिला के विरोध करने पर विवाद हुआ और दोनों आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक रेप और हत्या का ये सनसनीखेज मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास का है, जहां 8 अगस्त को एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिला था। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की।महिला का शव जली हुई हालत में मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी पहचान और हत्या की वजह का पता लगाना था। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कटघोरा थाना और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम अमलडिहा की एक महिला शुक्रवार रात से लापता है।
हुलिया और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की दिशा में जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि घटना से पहले महिला को किरण कुमार पटेल और अजय कुमार धनवार के साथ देखा गया था। घटना के बाद दोनों संदिग्ध फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर किरण कुमार पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में पहले उसने घटना में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन पुलिस के मुताबिक उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
रेप के बाद विरोध करने पर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन दोनों आरोपी महिला को डुमरमुड़ा के पास ले गए थे। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद अजय कुमार धनवार और महिला के बीच पहले से संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक शराब के नशे में अजय ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद किरण कुमार पटेल ने भी महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया, लेकिन महिला के परिचित अजय ने अपने साथी को रोकने के बजाये उसका साथ दिया।जिसके बाद विवाद बढ़ गया,और दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को पेट्रोल डालकर जलाया
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने घटना के साक्ष्य छिपाने और महिला की पहचान मिटाने की कोशिश की। इसके लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई और दोनों मौके से फरार हो गए। इसके बाद 8 अगस्त को महिला का जला हुआ शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मामले में पुलिस ने किरण कुमार पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरा आरोपी अजय कुमार धनवार फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी, वैज्ञानिक, भौतिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

