कोरबा 2 अक्टूबर 2026। कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। दीपका चौक जैसे व्यस्त इलाके में किन्नरों और दो लोगों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक द्वारा चाकू से हमला किए जाने का दृश्य भी वीडियो में नजर आ रहा है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं दूसरी तरफ इस घटना के बाद अपराध दर्ज करने के लिए पुलिस देर शाम तक शिकायत का इंतजार करती रही। दीपका क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर पुलिस की कार्य प्रणाली और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा घटनाक्रम दीपका थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि आज सुबह के वक्त किन्नर समाज के लोग दीपका क्षेत्र में घूम-घूमकर ढोलक बजाते हुए स्थानीय दुकान और घरों में जाकर आशीर्वाद देने के साथ बधाई मांग रहे थे। इसी दौरान वे दीपका चौक स्थित संजय पान पैलेस के बाहर पहुंचे। किन्नर बधाई के पैसों की मांग कर रहे थे, इसी बीच दुकान पर किसी बात को लेकर किन्नरों और वहां मौजूद दो लोगों के बीच विवाद हो गया। और देखते ही देखते बहस खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद एकाएक किन्नर और दूसरा पक्ष बीच सड़क पर ही हाथापाई पर उतारू हो गये। मारपीट के दौरान दुकान के सामने लगा टीन शेड और लकड़ी का ढांचा भी ढहकर गिर गया।
पिता से विवाद की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचा बेटा
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पंकज सिंह के साथ मारपीट हुई। पिता के साथ विवाद की जानकारी मिलने पर उनका बेटा प्रतीक सिंह भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान पिता-पुत्र दोनों के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान किन्नरों के साथ मौजूद एक युवक द्वारा चाकू से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है। वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में चाकू लेकर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना में पंकज सिंह के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दिनदहाड़े हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले शिकायत नहीं मिलने की बात, देर शाम दोनों पक्ष पहुंचे थाने
आपको बता दे दीपका थाना क्षेत्र में मारपीट का ये पूरा घटनाक्रम सुबह 11 से 12 बजें के बीच का बताया जा रहा है। घटना के बाद दोपहर करीब 3 बजें के लगभग जब मीडिया ने दीपका पुलिस से मामले की जानकारी ली गई, तब थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि शुरुआत में दोनों पक्षों में से किसी की ओर से थाने में शिकायत नहीं मिली है। थाना प्रभारी के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि घटना के करीब 6 घंटे बाद देर शाम दोनों पक्ष अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे, इसके बाद जाकर पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों का मुलाहिजा कराने के साथ कानूनी कार्रवाई शुरू की गयी।


